गर्भावस्था के 29वें हफ्ते में आप अपनी प्रेगनेंसी के तीसरे ट्राईमेस्टर व सातवे महीने में होती हैं। गर्भावस्था का यह तीसरा ट्राईमेस्टर शारीरिक और भावनात्मक रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण होता है। धीरे-धीरे प्रसव का समय भी समीप आ रहा है और आपका पहले से अधिक सक्रीय बच्चा अब अक्सर किक मारकर बार-बार अपने होने का प्रमाण देता रहता है। ऐसे में हर सप्ताह के भाँती इस सप्ताह भी आपको सजग रह कर हर सावधानियों की जानकारियाँ होना आवश्यक है। इस लेख में हम आपको गर्भावस्था के 29वें सप्ताह के लक्षण, बच्चे के विकास, खान-पान व बरतने वाली सभी सावधानियों से अवगत कराने जा रहें हैं।
गर्भावस्था के 29वें सप्ताह के लक्षण
1. अधिक पेशाब आना – आपका निरंतर बढ़ता गर्भाशय आपके ब्लैडर पर दबाव डालता है। जिससे पेशाब करने करने की इक्षा में वृद्धि हो जाती है।
2. वजन में वृद्धि – इस समय तक आपका वजन 8 से 11 किलोग्राम तक बढ़ चुका होता है। साथ ही आपके गर्भाशय का ऊपरी हिस्सा आपकी नाभि से 4 इंच तक ऊपर आ जाता है।
3. पैरों में सूजन – इस दौरान शरीर के निचले हिस्सों में ब्लड फ्लो बढ़ जाता है। जिससे पैरों की नशों में सूजन हो जाती है।
4. थकान व सिरदर्द – आपका शरीर आपके बच्चे के लिए एक उत्तम घर बनाने में लगा हुआ है। जिसके कारण आपको अतिरिक्त थकान हो सकती है। साथ ही शरीर में होने वाले हार्मोनल परिवर्तनों के कारण आपको सिरदर्द भी हो सकता है।
5. कब्ज और गैस – गर्भावस्था के दौरान पाचन प्रक्रिया से जुड़ी समस्याएं जैसे – कब्ज, गैस व अपच आदि होना स्वाभाविक है। इससे निजात पाने के लिए आपको फाईबर युक्त भोजन करना चाहिए।
6. बढ़ा हुआ स्तन – इस समय आपको आपके स्तन में और वृद्धि देखने को मिलेगी। साथ ही एरोला का रंग और गहरा प्रतीत होगा। शरीर पर कई सारे खिंचाव के निशान भी देखने मिलेंगे।
गर्भावस्था के 29वें हफ्ते में बच्चे का विकास
इस हफ्ते आपके बच्चे का वजन लगभग 1.3 किलोग्राम है और उसकी लम्बाई लगभग 15.19 अर्थात 38.6 सेंटीमीटर है। उसके आकार की कल्पना आप एक बटरनट स्क्वाश के आकार के रूप में कर सकती हैं।
इस समय आपके बच्चे के अंगों का विकास जारी है। साथ ही अब वो अपने जन्म के समय का लगभग आधा वजन प्राप्त कर चुका है। बच्चे की सुनने की क्षमता और बढ़ जाती है जबकि मांसपेशियां और फेफड़े आदि अभी भी मेच्योर हो रहें होते हैं।
बच्चा अब अपने शरीर के तापमान को रेगुलेट करना शुरू कर देता है। उसके शरीर की झुर्रियां अब कम होने लगती हैं। बोन मैरो व रेड ब्लड सेल्स का निर्माण शुरू हो जाता है। इसी के साथ अब आपका बेबी अपनी आँखे खोलने व बंद करने में समर्थ हो चुका होता है।
गर्भावस्था के 29वें हफ्ते के लिए आहार
गर्भावस्था में आहार की एक अलग और महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उत्तम आहार ही आपको व आपके गर्भ में पल रहे बच्चे को विभिन्न प्रकार का पोषण देकर उन्हें कई सारी समस्याओं से बचाता है। आइये इस हफ्ते के आहार से जुड़ी सावधानियों से आपको अवगत कराते हैं।
1. कैल्शियम – कैल्शियम आपके बच्चे की हड्डियों व दांतों को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। इसलिए आपको कैल्शियम युक्त पदार्थ जैसे – दूध, दही व अन्य डेयरी उत्पादों का सेवन करना चाहिए। आप चाहें तो कैल्शियम को 500 से 1000 मिलीग्राम तक आहार या सप्लीमेंट के रूप में भी ले सकती हैं।
2. विटामिन सी – विटामिन सी का सेवन आपके बच्चे के लिए काफी फायदेमंद है। क्योंकि यह रक्त कोशिकाओं के द्वारा आवश्यक संयोजी उतक बनाता है। विटामिन सी के लिए आपको अनाज, आम, शकरकंद और गाज़र आदि का सेवन करना चाहिए।
3. तरल पदार्थ – गर्भावस्था के दौरान तरल पदार्थों का सेवन भी आपके लिए बहुत फायदेमंद होगा। इसलिए आपको अंगूर का शरबत, बादाम का दूध, अंगूर, सेब व गाजर आदि के रसों का सेवन करना चाहिए।
4. आयरन – गर्भावस्था के दौरान आयरन का सेवन अत्यंत आवश्यक होता है। इसके लिए आपको हरी पत्तेदार सब्जियाँ, ब्रोकली, बीन्स व मछली आदि का सेवन करना चाहिए।
5. मसालेदार भोजन – आपको मसालेदार, तीखे व अधिक तेल में बने भोजन से परहेज करना चाहिए।
6. शराब व धूम्रपान – शराब का सेवन व धूम्रपान, ये दोनों ही आपके व आपके बच्चे के लिए हानिकारक है। इसलिए आपको ऐसे पदार्थों से परहेज करना चाहिए।
7. कैफीन – कैफीनयुक्त पदार्थ जैसे – चाय, कॉफ़ी व चॉकलेट आदि से भी आपको परहेज करने की ज़रुरत है।
गर्भावस्था के 29वें सप्ताह के लिए सलाह
1. आपको ये ध्यान रखना चाहिए की आप पर्याप्त आराम ले रहीं हैं या नहीं। अच्छी नींद व भरपूर आराम ये दोनों ही जरूरी हैं।
2. अधपका भोजन न करें। खासतौर पर अगर आप मांसाहारी हैं तो भोजन का ठीक प्रकार से पका होना आवश्यक है।
3. नियमित रूप से वाक् के साथ हल्के व्यायाम अवश्य करें। केगल एक्सरसाइज करना भी एक अच्छा विकल्प है।
4. स्वयं को हाइड्रेटेड रखें अर्थात दिनभर में 10 से 12 ग्लास जल का सेवन अवश्य करें।
5. कभी भी अपनी भूख को दबाएँ नहीं। हमेशा अपने पास खाने के लिए कुछ पोषक खाद्य सामग्री अवश्य रखें।
6. तनाव न लें और खुश रहने का प्रयास करें। ऐसा करना आपके व आपके गर्भ में पल रहे शिशु दोनों के लिए आवश्यक है।
तो इस प्रकार अब आप गर्भावस्था के 29वें सप्ताह से जुड़ी इन सभी महत्वपूर्ण बातों को भलीभाँति समझ गयीं होंगी। आपको आपके होने वाले नन्हे शिशु के लिए ढेर सारी शुभकानाएं।