गर्भावस्था का दसवां हफ्ता, इस हफ्ते आपका बेबी एक हरे रंग के जैतून जितना अर्थात डेढ़ इंच का हो चुका होगा। आपके शिशु का भार चार ग्राम के आस-पास होगा। आपको बता दें की अभी आप गर्भावस्था के तीसरे महीने के दुसरे हफ्ते में हैं, अर्थात पहली तिमाही खत्म होने में बस 2 हफ्ते ही शेष हैं। तो ऐसे में यह हफ्ता आपके बच्चे के विकास व आपके स्वास्थ्य के लिए बहुत अहम है। इसलिए इस लेख में हम आपको इस हफ्ते के लक्षण, बच्चे के विकास और बरतने वाली सावधानियों से अवगत कराने जा रहें हैं। जिनकी जानकारी होना आपके लिए अत्यंत आवश्यक है।
गर्भावस्था के दसवें सप्ताह के लक्षण
1. गर्भाशय का आकार – इस हफ्ते आपके गर्भाशय का आकार एक मौसमी के जितना बड़ा हो जाएगा।
2. कमर और पेट बढ़ना – इस हफ्ते आप नोटिस करेंगी की आपके पेट व कमर का हिस्सा फैलने लगा है। ऐसा अधिक भोजन के बजाय आपके अंदर पल रहे शिशु के कारण होता है।
3. मतली व उल्टी – इस हफ्ते आपको मतली व उल्टी आदि में कोई ख़ास कमी देखने को नही मिलने वाली है।
4. योनी स्त्राव – इस हफ्ते से आपको योनी स्त्राव में वृद्धि भी देखने मिलेगी।
5. कब्ज व गैस – पिछले हफ्ते की तरह यह हफ्ता भी आपको गैस व कब्ज़ से परेशान करेगा। जिससे बचने के लिए आपको फाइबरयुक्त भोजन करने की सलाह दी जाती है।
6. थकान – गर्भावस्था में थकान होना एक आम समस्या है। आपको सम्पूर्ण गर्भावस्था के दौरान भरपूर नींद व आराम लेने की सलाह दी जाती है।
7. नसों का दिखना – इस दौरान आपको शरीर में कुछ जगहों पर नसें दिखाई दे सकती हैं।
दसवें हफ्ते के दौरान आपके शिशु का विकास
इस हफ्ते आपके शिशु का विकास बहुत तेज़ी से होने लगेगा। उसकी हड्डियां व लिंगामेंट्स बनने लग जाएँगी। दसवें हफ्ते तक आपके शिशु की हाथों की अंगुलियां और पैरों की अंगुलियां स्पष्ट रूप से बन चुकी होंगी और उनमें नाखूनों का विकास होने लगेगा। इस हफ्ते आपका शिशु अपने हाथों को कोहनियों पर मोड़ सकता है और वह अपनी कलाइयों को मोड़ सकने में भी सक्षम हो जाता है।
इस हफ्ते आपके शिशु के अंदरूनी अंगों का विकास होता है जैसे – लिवर, गुर्दे, आंतो आदि का विकास होता है और मस्तिस्क काम करना शुरू कर देता है। इस दौरान आपके बच्चे का लिवर रेड ब्लड सेल्स का निर्माण कर रहा होता है।
शिशु की त्वचा अभी भी पारदर्शी ही होती है और उसकी रीढ़ की हड्डी दिखाई देती है। इस दौरान बच्चे की किडनी भी काम करना शुरू कर देती है।
दसवें महीने के लिए आहार
1. प्रोटीन युक्त भोजन – आपको प्रोटीन युक्त भोजन अवश्य करना चाहिए एवं मैग्नीशियम और विटामिन बी-6 को भी डाईट में शामिल करना चाहिए।
2. हाईड्रेटेड रहें – गर्भावस्था के दौरान आपको पानी पीने में कोई कमी नही करनी चाहिए। दिनभर में 8 से 12 गिलास पानी पीना चाहिए।
3. फोलिक एसिड – गर्भावस्था के तेरहवें हफ्ते तक आपको पर्याप्त मात्रा में फोलिक एसिड का सेवन करना चाहिए।
4. विटामिन बी-12 – इस दौरान आपको विटामिन बी-12 युक्त पदार्थों का सेवन करना चाहिए क्योंकि विटामिन बी-12 आपके शरीर में खून की कमी होने से रोकता है।
5. मुर्गा व मछली – आप अगर मांसाहारी हैं तो मुर्गे का मीट व मछली खा सकती हैं, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है की वह अच्छे से पका हुआ होना चाहिए।
6. मसालेदार खाना – अब आपको तले-भुने व मसालेदार खाने का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए और जंक फ़ूड का सेवन भी नहीं करना चाहिए।
7. पपीता – प्रेगनेंसी के दौरान पपीते का सेवन करने से गर्भाशय सिकुड़ने की आशंका होती है। इसलिए आपको पपीते से परहेज करना चाहिए।
8. शराब व धूम्रपान – गर्भावस्था में आपको धूम्रपान व शराब दोनों के सेवन से बचना चाहिए।
दसवें सप्ताह के लिए सलाह
आइये अब आपको गर्भावस्था के दसवें सप्ताह से जुड़ीं कुछ अन्य सावधानियों के बारे में बताते हैं, जिनमे क्या करें और क्या नहीं शामिल हैं –
1. इस दौरान आपको आराम करना व भरपूर नींद लेना ज़रूरी है। इसलिए भरपूर आराम लें और ओवरटाइम करने से बचें।
2. इस हफ्ते आप डॉक्टर से अपने ड्यू डेट की पुष्टि भी कर सकती हैं।
3. आरामदायक स्ट्रेच वाले कपड़े पहने और अपने स्तनों को आराम देने के लिए सपोर्टिव ब्रा पहनें।
4. अगर आप चाय पीना पसंद करती हैं तो सामान्य कैफीनयुक्त चाय को छोड़कर हर्बल चाय पियें।
5. प्रीनेटल विटामिन्स का सेवन जारी रखें।